“जनता की जेब काटने में लगी भाजपा सरकार, हर घर का बजट बिगड़ेगा”
गुरुग्राम। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार ने जनता पर महंगाई का नया बोझ डाल दिया है। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के बाद अब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में इजाफा करके आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया गया है।
पंकज डावर ने कहा कि सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी के दाम दो रुपये प्रति किलो बढ़ाकर जनता पर “महंगाई का बम” फोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर महीने जनता की जेब काटने का नया तरीका खोज रही है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर परिवहन और मालभाड़े पर पड़ेगा, जिससे सब्जी, दाल, आटा समेत रोजमर्रा की सभी आवश्यक वस्तुएं महंगी होंगी। वहीं सीएनजी की कीमत बढ़ने से ऑटो, टैक्सी और सार्वजनिक परिवहन का किराया बढ़ेगा, जिसका बोझ सीधे आम लोगों पर पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार कीमतों को नियंत्रित रखती है, लेकिन मतदान खत्म होते ही जनता पर महंगाई थोप दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर हैं, इसके बावजूद ईंधन के दाम बढ़ाना “सीधी जनता की लूट” है।
पंकज डावर ने कहा कि केंद्र सरकार चाहती तो एक्साइज ड्यूटी कम करके लोगों को राहत दे सकती थी, लेकिन सरकार की नीयत राहत देने की नहीं, बल्कि जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने की है।
उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने से किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। ट्रैक्टर चलाने और पंपसेट से सिंचाई की लागत बढ़ेगी, जिससे खेती महंगी होगी और अंततः खाद्यान्न की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी। वहीं छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और सीएनजी वाहनों से माल ढोने वाले व्यापारियों का खर्च भी बढ़ जाएगा।
पंकज डावर ने कहा कि एक तरफ सरकार “मेक इन इंडिया” का नारा देती है, जबकि दूसरी तरफ ईंधन महंगा करके छोटे उद्योगों और व्यापारियों की कमर तोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की जनता पहले ही गंदगी, ट्रैफिक जाम और महंगे बिजली बिलों से परेशान है, ऐसे में ईंधन की कीमतें बढ़ाकर सरकार ने “जले पर नमक छिड़कने” का काम किया है।








