विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, डांस एवं शपथ के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश

गुरुग्राम, 12 मई 2026। नगर निगम गुरुग्राम एवं यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में “नई सोच नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के अंतर्गत हरिओम इंटरनेशनल स्कूल भोंडसी में एक भव्य स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त रविंदर मलिक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में वार्ड नंबर 19 के पार्षद राज सिंह अमित भड़ाना, सी डी इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ यशपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसायटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा प्रिंका यादव उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का स्कूल प्रबंधन द्वारा पौधे एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, डांस एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा कचरे का सही प्रबंधन करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर समाज एवं शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि रविंदर मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने घरों में चार अलग-अलग कूड़ेदान रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि गीले, सूखे, घरेलू एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग रखने से कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी बनता है और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है।

पार्षद राज सिंह अमित भड़ाना ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक आज पर्यावरण के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से कपड़े एवं बायोडिग्रेडेबल कैरी बैग का प्रयोग बढ़ाने की अपील की। वहीं डॉ यशपाल यादव ने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है और विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली की टीम द्वारा विद्यार्थियों को कचरे से खाद बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम ने बच्चों को बताया कि घरों एवं विद्यालयों में निकलने वाले जैविक कचरे का सही उपयोग कर प्राकृतिक खाद तैयार की जा सकती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलता है। विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लिया और कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय स्वच्छता के लिए समर्पित करे तो गुरुग्राम को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा प्रिंका यादव ने कहा कि सामाजिक संगठनों, विद्यालयों एवं प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में हरिओम इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन पारस खटाना एवं प्रिंसिपल डॉ संदीप यादव ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वॉर्ड नंबर 19 कमेटी सदस्य श्रीमती पूजा जी, यूनाइटेड वे ऑफ दिल्ली संस्था से हिमांशु, अंजलि यादव, एचएमएस टीम से अनिरुद्ध, मनोज, स्कूल मैनेजमेंट एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









