पेपर लीक मामलों ने शिक्षा व्यवस्था की साख पर उठाए सवाल
युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं: कुमारी सैलजा
दोषियों पर कठोर कार्रवाई और समयबद्ध जांच की मांग
कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से उठाती रहेगी
चंडीगढ़, 12 मई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने एनईईटी-2026 पेपर लीक की खबर को देश के लाखों युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाएं भी भ्रष्टाचार, लापरवाही और पेपर लीक का शिकार होने लगें, तो यह केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि युवाओं के सपनों और उनकी वर्षों की मेहनत के साथ अन्याय है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लाखों विद्यार्थी दिन-रात कठिन परिश्रम कर अपने भविष्य को संवारने का सपना देखते हैं। परिवार अपनी सामर्थ्य से बढ़कर बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाले पेपर लीक उनकी उम्मीदों और विश्वास को तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा डगमगाना बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले यह साबित करते हैं कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में छात्रों को केवल अनिश्चितता, तनाव और निराशा मिल रही है।
सैलजा ने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में ईमानदारी तथा निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद होती है। यदि युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठ गया, तो यह देश के भविष्य के लिए खतरनाक संकेत होगा। उन्होंने मांग की कि एनईईटी-2026 पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं के अधिकार, उनके सपनों और समान अवसर की लड़ाई लगातार मजबूती से उठाती रहेगी तथा हर उस आवाज के साथ खड़ी रहेगी जो पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग करती है।









