सरकार तुरंत बातचीत कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करे : उषा सरोहा

गुरुग्राम, 11 मई 2026। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की गुरुग्राम इकाई ने सोमवार को फायर ब्रिगेड एवं नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन किया। इस दौरान राज्य महासचिव उषा सरोहा, जिला अध्यक्ष रामवती, उपाध्यक्ष ओमवती, रमेश, कमला और लीलावती सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
राज्य महासचिव उषा सरोहा ने कहा कि प्रदेशभर में पिछले 34 दिनों से फायर ब्रिगेड (दमकल विभाग) के कर्मचारी तथा पिछले 11 दिनों से नगर पालिका सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। जनवादी महिला समिति इस आंदोलन का पुरजोर समर्थन करती है। उन्होंने भाजपा सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री से तुरंत हस्तक्षेप कर कर्मचारियों की जायज मांगों को मानने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सुरक्षा करने वाले दमकल कर्मी और शहरों को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारी आज भीषण गर्मी में सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। अनुबंध प्रथा और कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों का आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों में बड़ी संख्या महिलाओं की है और वेतन विसंगतियों व नौकरी की असुरक्षा का सीधा असर उनके परिवारों और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है।

जिला अध्यक्ष रामवती ने कहा कि फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दमकल कर्मियों के परिवारों को अभी तक उचित मुआवजा और पक्की नौकरी न मिलना बेहद अमानवीय और निंदनीय है।
उषा सरोहा ने मांग की कि सरकार पीड़ित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराए। साथ ही वर्षों से सेवाएं दे रहे कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा ‘समान काम-समान वेतन’ का नियम लागू किया जाए।
जनवादी महिला समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही दमकल और सफाई कर्मचारियों की मांगों का सम्मानजनक समाधान नहीं निकाला, तो समिति की कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को जन-आंदोलन बनाने के लिए कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगी।









