11 साल के विहान राव ने क्रिकेट जगत में मचाई धूम, यूनिकॉर्न कप में बने ‘मैन ऑफ द सीरीज’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंडर-12 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन, अंडर-17 मुकाबले में भी जीता ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब

गुरुग्राम, 11 मई। महज 11 साल की उम्र में विहान राव ने अपने शानदार क्रिकेट प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। यूनिकॉर्न कप 2026 अंडर-12 टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विहान ने प्रतिष्ठित “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार अपने नाम किया। उनकी शानदार बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी की बदौलत उनकी टीम डेम प्रोडक्शन ने टूर्नामेंट का खिताब जीतने में सफलता हासिल की।

गुरुग्राम के मारुति कुंज स्थित स्पोर्ट्सलैंड एकेडमी ग्राउंड में 5 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में विहान राव ने हर मुकाबले में अपने खेल का लोहा मनवाया। बल्लेबाजी में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और दबाव की परिस्थितियों में टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्लेबाजी औसत 209 और स्ट्राइक रेट 122 रहा।

गेंदबाजी में भी विहान ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 4.27 की इकॉनमी और 10.4 रन प्रति विकेट के औसत से 9 विकेट हासिल किए। अहम मौकों पर विकेट निकालकर उन्होंने विरोधी टीमों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

उनके शांत स्वभाव, अनुशासन और मैच जिताने वाले प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है। टीम कोच सोनू राजपूत ने विहान की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वह दबाव के क्षणों में भी परिपक्वता के साथ खेलते हैं और टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

विहान गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र हैं और स्कूल कोच बी. बलराज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके बल्लेबाजी कोच आशीष बर्धन भी विहान की टाइमिंग, हैंड-आई कोऑर्डिनेशन और खेल के प्रति समर्पण की जमकर प्रशंसा करते हैं।

विशेष बात यह रही कि यूनिकॉर्न कप के दौरान ही विहान ने उसी दिन अंडर-17 आरकेएडीई टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया। सीआरबी ग्राउंड, कादरपुर में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 9 चौकों की मदद से 53 रन बनाए और “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार जीता। इस मैच में उनके अधिकांश प्रतिद्वंद्वी उनसे कम से कम पांच वर्ष बड़े थे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 3 ओवर में मात्र 6 रन देकर अपनी टीम के सबसे किफायती गेंदबाज होने का गौरव हासिल किया।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि विहान राव की यह उपलब्धियां उनके उज्ज्वल भविष्य की केवल शुरुआत हैं। जिस आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ वह प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे आने वाले वर्षों में वह बड़े मंच पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!