रोहतक में सबसे अधिक 79.2 प्रतिशत, सोनीपत में सबसे कम 48 प्रतिशत मतदान
8.73 लाख मतदाताओं में से 4.75 लाख ने किया मताधिकार का प्रयोग
चंडीगढ़, 10 मई। हरियाणा में स्थानीय निकायों के आम एवं उपचुनाव के तहत शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेशभर में कुल 54.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि विभिन्न निकायों में स्थापित मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 8,73,177 पंजीकृत मतदाताओं में से 4,75,010 मतदाताओं ने वोट डाले।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से प्रदेशभर में 817 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए।
जिलावार मतदान प्रतिशत की बात करें तो रोहतक में सबसे अधिक 79.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 75.7 प्रतिशत और रेवाड़ी में 66.1 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा अंबाला में 54.4 प्रतिशत, पंचकूला में 52.2 प्रतिशत तथा सोनीपत में 48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।









