मांगें नहीं मानी गईं तो हड़ताल होगी अनिश्चितकालीन : बसंत कुमार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल 8वें दिन भी जारी, सरकार पर आश्वासन देकर गुमराह करने का आरोप

गुडगांव, 9 मई (अशोक) : लंबित मांगों को लेकर पुराने नगर निगम कार्यालय के समक्ष नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 8वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।

हड़ताली कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की नौकरी बहाली, आंदोलनों के दौरान दर्ज झूठे मुकदमों की वापसी, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना तथा सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती शामिल हैं।

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य सह सचिव सुशीला देवी, राज्य उपाध्यक्ष बसंत कुमार, जोगिंदर करोथा, राजेंद्र सरोहा, अनीता देवी, राजेश कुमार और कैलाश संगेलिया ने कहा कि यदि रविवार तक सरकार ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल आश्वासन देकर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है, जबकि कर्मचारी वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे हैं।

नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण लगातार जारी है। उन्होंने मांग की कि 8 फरवरी 2023 के पत्र को लागू करते हुए सभी सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की जाए। साथ ही दैनिक वेतनभोगी, पालिका रोल और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।

कर्मचारियों ने 60 प्रतिशत डीए, समान काम-समान वेतन, ठेका प्रथा समाप्त करने और न्यूनतम 30 हजार रुपये वेतन लागू करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा आंदोलनों के दौरान कर्मचारियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

हड़ताल के दौरान कर्मचारी नेता सम्मी बोहत, ज्ञानचंद, रिंकू चावरिया, सीमा देवी, मीनू और गब्बर सिंह ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने का आह्वान किया। आंदोलन को सफल बनाने में जयपाल, जितेंद्र, पिंकी, सुरेंद्र बाल गुहेर, दया गुर्जर, दीपा, कमला देवी, रवि टांक, मनजीत, धर्मपाल, कृष्ण चौकीदार, अशोक कुमार, शशिभान, संजीत और कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटे रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!