नारनौल/ चंडीगढ़, 9/5/26 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नारनौल में नगर पालिका एवं फायर विभाग के आंदोलनरत कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचकर उनका समर्थन किया।
इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए भाजपा सरकार पर कर्मचारियों की लगातार अनदेखी और शोषण करने का आरोप लगाया।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। नगर पालिका, सफाई एवं फायर विभाग के कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने की बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से लगातार काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें स्थायी रोजगार, उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं देने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारी हितों की पक्षधर रही है और कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
राव नरेंद्र सिंह ने आंदोलनरत कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएगी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश में हर वर्ग परेशान है। कर्मचारी, किसान, युवा और व्यापारी सभी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे और प्रचार करने में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर कर्मचारियों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि नगर पालिका एवं फायर विभाग के कर्मचारियों की लंबित मांगों को तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए तथा कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय को बंद किया जाए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अग्निशमन के कर्मचारी हर समय अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करते हैं व लोगों की सेवा में डटे रहते हैं इसलिए हाल ही में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले अग्निशमन कर्मियों के परिजनों को एक एक करोड़ रुपए व परिवार में एक सरकारी नौकरी देने की मांग की ।
इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा और आंदोलन को मजबूती देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उनके साथ सूरज बोहरा , कैलाश सोनी पहलवान , संदीप नूनीवाल , यादवेन्द्र राव , जयपाल सरपंच , विनोद सरपंच , सुरेन्द्र पाराशर , सीताराम सराफ , अनिल सैनी , तोताराम कोली , रविंद्र हुड़ीना , धर्मेंद्र यादव , मनपाल यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।









