मल्टीलेवल पार्किंग का दो बार उद्घाटन, फिर भी शुरू नहीं हुई : भारत मदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्घाटन करके अपनी राजनीति चमका रहे हैं विधायक, पांच दिन में ही लगा ताला

बिना टेंडर प्रक्रिया के उद्घाटन करना भी नियमों के खिलाफ बताया

गुरुग्राम, 09 मई 2026 : हरियाणा कांग्रेस व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला मीडिया कॉर्डिनेटर भारत मदान ने भाजपा सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सदर बाजार की मल्टीलेवल पार्किंग को “जनता के साथ मजाक” करार दिया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद पार्किंग सुविधा आम लोगों को नहीं मिल पा रही है।

भारत मदान ने कहा कि सदर बाजार में बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही किया जा चुका है और जनप्रतिनिधियों द्वारा ट्रायल भी शुरू किया गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक पार्किंग पर ताला लटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार “ट्रिपल इंजन” के नाम पर विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि धरातल पर जनता को कोई राहत नहीं मिल रही।

उन्होंने कहा कि करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से बनी सात मंजिला पार्किंग का उद्देश्य सदर बाजार क्षेत्र में जाम और पार्किंग की समस्या से लोगों को राहत देना था, लेकिन उद्घाटन के महीनों बाद भी इसे नियमित रूप से शुरू नहीं किया गया। भारत मदान के अनुसार, अब तक इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी किए उद्घाटन करना भी नियमों के खिलाफ है।

भारत मदान ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक ने केवल वाहवाही लूटने के लिए पार्किंग का दोबारा उद्घाटन किया, जबकि इसका उद्घाटन पहले ही मुख्यमंत्री कर चुके थे। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के महज पांच दिन बाद ही पार्किंग पर दोबारा ताला लग जाना भाजपा सरकार की कार्यशैली और प्रशासनिक विफलता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि यह मल्टीलेवल पार्किंग जनता की सुविधा से ज्यादा भाजपा नेताओं की प्रसिद्धि का माध्यम बनकर रह गई है। दूसरी ओर, बाजार के आसपास लोग मजबूरी में अपनी गाड़ियां सड़कों पर खड़ी कर रहे हैं, जहां से क्रेन द्वारा अवैध पार्किंग के नाम पर वाहन उठा लिए जाते हैं।

भारत मदान ने कहा कि लोगों को अपनी गाड़ियां छुड़वाने के लिए डेढ़ हजार रुपये से अधिक की राशि भरनी पड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पार्किंग सुविधा शुरू ही नहीं की गई, तो फिर सड़कों से वाहन उठाकर भारी जुर्माना वसूलना किस प्रकार न्यायसंगत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और जीएमडीए मिलकर आम जनता से वसूली कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे व्यापारियों से भी मिले हैं। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग शुरू न होने के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्राहक पार्किंग की समस्या के चलते बाजार आने से बच रहे हैं, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!