हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध बेहद चिंताजनक : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनसीआरबी रिपोर्ट पर भाजपा सरकार को घेरा, कहा — “अपराध, नशा और बेरोजगारी ने प्रदेश को असुरक्षा की ओर धकेला”

चंडीगढ़, 8 मई। सिरसा से सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट को लेकर हरियाणा की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हरियाणा महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है, जो बेहद गंभीर और शर्मनाक स्थिति है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार नाबालिग लड़कियों की तस्करी के मामलों में हरियाणा देश में सबसे आगे है, जबकि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति हरियाणा जैसे प्रगतिशील राज्य की छवि को गहरा आघात पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को शिक्षा, विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में देश के लिए मिसाल बनना चाहिए था, लेकिन आज प्रदेश अपराध, भय और असुरक्षा की घटनाओं के कारण सुर्खियों में है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता और असुरक्षा का माहौल बढ़ता जा रहा है।

सांसद ने प्रदेश में बढ़ते नशे और बेरोजगारी को भी अपराधों में वृद्धि का बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं, जिसके चलते अपराध, गैंगवार और हिंसक घटनाओं में इजाफा हो रहा है। यह सामाजिक ताने-बाने के लिए खतरनाक संकेत हैं।

कुमारी सैलजा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त और ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही नशे के नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई करते हुए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि केवल विज्ञापन और दावों से स्थिति नहीं सुधरेगी, सरकार को जमीन पर परिणाम देने होंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं, युवाओं और आम जनता की सुरक्षा एवं सम्मान के मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराती रहेगी।

कुमारी सैलजा ने एनसीआरबी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2024 में देशभर में लड़कियों की तस्करी के 1659 मामले दर्ज किए गए, जिनमें सबसे अधिक मामले हरियाणा में सामने आए। इसके अलावा लोकसेवकों द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में हरियाणा देश में तीसरे स्थान पर तथा अवैध हथियारों के मामलों में पांचवें स्थान पर दर्ज किया गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!