बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में होंगे शामिल, खांडसा चौक से एसडी स्कूल तक करेंगे पदयात्रा

गुरुग्राम, 7 मई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार, 8 मई को पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी दोपहर बाद गुरुग्राम पहुंचेंगे और करीब दो किलोमीटर तक यात्रा में पैदल चलकर भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देंगे। यात्रा के समापन पर वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को गुरुग्राम कांग्रेस भवन में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर यात्रा से जुड़े दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया।

बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने हरियाणा की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी का गुरुग्राम आगमन प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा और उम्मीद का संदेश देगा।
उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर पूरे हरियाणा में सामाजिक सौहार्द का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। इस यात्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद और जोश का संचार किया है।

यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और करीब 5 बजे गुरुग्राम पहुंचेंगे। यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक खांडसा चौक से होगी और इसका समापन एसडी स्कूल के पास होगा, जहां राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा में राहुल गांधी के साथ 200 स्थायी यात्री पैदल चलेंगे, जबकि यात्रा के पहले सात चरणों में शामिल रहे 50-50 यात्रियों के समूह भी अलग-अलग चरणों में मौजूद रहेंगे। यात्रा मार्ग पर खिलाड़ी, किसान, मजदूर और पूर्व सैनिक राहुल गांधी का स्वागत करेंगे।
अमित काजल ने बताया कि राहुल गांधी ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह से सद्भाव यात्रा में शामिल होने का वादा किया था, जिसे अब वे पूरा कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा की शुरुआत 5 अक्टूबर 2025 को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के दनौदा गांव स्थित ऐतिहासिक बिनैन खाप चबूतरे से हुई थी। यात्रा अब तक हरियाणा की 83 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच चुकी है, जहां लोगों ने इसका जोरदार स्वागत किया। यात्रा का अंतिम पड़ाव रोहतक विधानसभा क्षेत्र होगा।








