जनगणना 2027 कार्य के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने गठित की क्विक रिस्पांस टीमें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रत्येक जोन में त्वरित सहायता एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश, रोजाना रिपोर्टिंग भी होगी अनिवार्य

गुरुग्राम, 7 मई। जनगणना 2027 के कार्यों को सुचारू, प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा सभी जोनों में क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में प्रधान जनगणना अधिकारी एवं निगमायुक्त आयुक्त द्वारा आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार नगर निगम गुरुग्राम के सभी अतिरिक्त शहर जनगणना अधिकारी-सह-ज्वाइंट कमिश्नरों को अपने-अपने जोनों में क्विक रिस्पांस टीमों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनगणना कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार गठित की जाने वाली क्यूआरटी फील्ड में तैनात एन्यूमरेटरों एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक सहायता एवं सहयोग प्रदान करेंगी। साथ ही जनगणना कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं एवं चुनौतियों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान भी सुनिश्चित करेंगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक क्विक रिस्पांस टीम प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट संबंधित सिटी जनगणना अधिकारी-सह-अतिरिक्त आयुक्त को सौंपेगी। इसके उपरांत अतिरिक्त शहर जनगणना अधिकारी-सह-ज्वाइंट कमिश्नर सभी रिपोर्टों को संकलित कर प्रतिदिन निगम आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि जनगणना 2027 एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसके सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर त्वरित कार्रवाई एवं समन्वय बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से क्यूआरटी का गठन किया जा रहा है ताकि फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और जनगणना कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!