दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश
चंडीगढ़, 06 मई – हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में आयोजित होने वाले आगामी स्थानीय नगर निकाय चुनावों के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर साइनज, हेल्प डेस्क की विशेष सुविधाएं सुनिश्चित
प्रवक्ता ने बताया कि आयोग द्वारा सभी उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को सुगम एवं व्यवस्थित मतदान का अनुभव प्रदान किया जाए। इसके तहत मतदान केंद्रों पर स्पष्ट संकेतक (साइनज), हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि मतदाता आसानी से अपने बूथ तक पहुंच सकें।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं अस्वस्थ मतदाताओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। ऐसे मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर तथा अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के मतदान का अवसर मिल सके।
प्रवक्ता ने बताया कि महिलाओं की सुविधा एवं गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए महिला स्टाफ की नियुक्ति, पृथक कतारें तथा आवश्यकतानुसार अलग व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) की सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा जरूरत पड़ने पर पैरामेडिकल स्टाफ की भी तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर भीड़ अधिक रहने की संभावना है, वहां विशेष प्रबंधन किया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ, वाहनों की उपलब्धता तथा एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी, ताकि कतारों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं मतदाता कल्याण उपायों की निगरानी करेगा। सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।









