जनगणना ड्यूटी के विरोध में आंगनवाड़ी वर्कर्स-हेल्पर्स का उग्र प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक साल से वेतन व केंद्र किराया बकाया, प्रशासन पर दबाव और एफआईआर की धमकी के आरोप

गुरुग्राम, 5 मई 2026 – गुरुग्राम में आंगनवाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियन हरियाणा (सीटू एवं सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित) के बैनर तले मंगलवार को हजारों वर्कर्स व हेल्पर्स ने डीसी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। जनगणना ड्यूटी लगाए जाने के विरोध के साथ-साथ कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को भी मजबूती से उठाया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सरस्वती ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव रानी लंबा ने किया। इस दौरान जिला कैशियर सुशीला, सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा, मिड-डे मील की जिला प्रधान नीतू सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी को मांग पत्र सौंपा और एसडीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। यूनियन नेताओं ने बताया कि कई स्थानीय मांगों पर सकारात्मक बातचीत हुई, लेकिन जनगणना ड्यूटी के मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई।

यूनियन ने आरोप लगाया कि एक साल से आंगनवाड़ी केंद्रों का किराया बकाया है और केंद्र सरकार से मिलने वाला मानदेय/वेतन भी पिछले एक वर्ष से नहीं मिला है, जिससे कर्मियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा जनगणना जैसे अतिरिक्त कार्य का दबाव बनाया जा रहा है।

कर्मियों ने साफ कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक होता है, जिसमें बच्चों और महिलाओं से जुड़ी आईसीडीएस सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में अतिरिक्त ड्यूटी करना संभव नहीं है और इससे योजनाएं प्रभावित होंगी।

यूनियन पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा जनगणना ड्यूटी कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और वर्कर्स व हेल्पर्स पर एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी जा रही है। इस पर कर्मियों में भारी रोष है।

सभी वर्कर्स और हेल्पर्स ने एक स्वर में घोषणा की कि वे जनगणना की ड्यूटी नहीं करेंगी। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया और ड्यूटी वापस नहीं ली गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार के दबाव या कार्रवाई की स्थिति में प्रदेशव्यापी हड़ताल की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!