नगर निकाय चुनाव शहर के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है : मुख्यमंत्री नायब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हमारा लक्ष्य कंक्रीट के जंगल बनाना नहीं, बल्कि शहर मेंं स्वच्छ वातावरण विकसित करना है : मुख्यमंत्री नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनसभा में आदर्श शहर बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की

पंचकूला, 3 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार देर शाम पंचकूला के सेक्टर-16 में सर्व समाज द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह नगर निकाय चुनाव शहर के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हम कंक्रीट के जंगल नहीं बनाना चाहते, बल्कि शहर मेंं स्वच्छ वातावरण विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श शहर बनाने के लिए कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और सभी वार्ड प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। श्री सैनी ने विश्वास जताते हुए कहा कि जनता का जो भरपूर समर्थन भाजपा को मिल रहा है इससे स्पष्ट है कि भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी और सभी प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीतकर आएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में 21 वादे किए हैं और इन वादों को पूरा करना डबल इंजन सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मेयर और पार्षदों द्वारा लाए गए हर विकास कार्य को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी ताकत है और उसी के आधार पर विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि यह चुनाव शहर के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने पंचकूला में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया है। आने वाले समय में इन विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। उन्होंने जनता से सहयोग और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि भाजपा को मजबूत जनादेश देकर विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ाया जाए।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला को आदर्श शहर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कंक्रीट के जंगल नहीं, बल्कि संतुलित और स्वच्छ वातावरण वाला शहर विकसित करना चाहती है।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिनके पास सिर पर छत नहीं थी, उन्हें मकान उपलब्ध कराए गए हैं और मकान की चाबियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को विकास का लाभ मिले यह हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से बनी ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास कार्य तीन गुना गति से होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी सहित हर मूलभूत सुविधा को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे सभी भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर पंचकूला को विकसित और आदर्श शहर बनाने में योगदान दें।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, विधायक शक्ति रानी शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री राजकुमार वाल्मिकी, पूर्व मेयर कूलभूषण गोयल, भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल, अमित जिंदल, पवन मित्तल, पूर्व मेयर उपेंद्र आहलूवालिया सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!