ट्रिपल इंजन सरकार पर विद्रोही के सवाल: 10 साल में न विकास, न सुविधाएं—फायदा क्या?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दस साल में न पानी की समस्या हल, न प्रदूषण पर नियंत्रण—भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सरकार के दावों पर उठे सवा

रेवाड़ी/धारूहेड़ा, 4 मई 2026: स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इन्द्रजीत सिंह से कड़े सवाल करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों से रेवाड़ी और धारूहेड़ा में तथाकथित “ट्रिपल इंजन सरकार” होने के बावजूद न तो अपेक्षित विकास हुआ, न ही नागरिक आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ और न ही आम जनता को जरूरी सुविधाएं मिल पाईं। ऐसे में इस सरकार का आम लोगों को क्या लाभ मिला, यह बड़ा सवाल है।

विद्रोही ने कहा कि हाल ही में नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ रेवाड़ी और धारूहेड़ा पहुंचे और ट्रिपल इंजन सरकार के फायदे गिनाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने बड़े-बड़े दावे तो किए, लेकिन पिछले दस सालों में किए गए वास्तविक विकास कार्यों का कोई ठोस उल्लेख नहीं किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक ही दल की सरकार केंद्र, राज्य और नगर निकाय—तीनों स्तरों पर रही, तो फिर रेवाड़ी और धारूहेड़ा में विकास क्यों नहीं दिखता? विद्रोही के अनुसार, यदि वास्तव में विकास हुआ होता और पुराने वादे पूरे किए गए होते, तो चुनावी भाषणों में उसकी चर्चा अवश्य होती।

विद्रोही ने यह भी कहा कि एक ओर राव इन्द्रजीत सिंह ट्रिपल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने स्वयं रेवाड़ी नगर परिषद में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार की है। यदि ट्रिपल इंजन सरकार का परिणाम भ्रष्टाचार ही है, तो ऐसी व्यवस्था के होने या न होने का क्या औचित्य है।

उन्होंने पेयजल संकट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से रेवाड़ी में पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। हर 15 दिन बाद 15 से 25 दिनों तक पानी की राशनिंग होना यह दर्शाता है कि बुनियादी सुविधाओं तक का समाधान नहीं हो पाया।

धारूहेड़ा की स्थिति पर बोलते हुए विद्रोही ने कहा कि भिवाड़ी से आने वाले प्रदूषित और रसायनयुक्त औद्योगिक पानी से लोगों को आज तक राहत नहीं मिल सकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब इतने वर्षों में यह समस्या हल नहीं हुई, तो अब ट्रिपल इंजन सरकार आखिर कौन-सा तीर मार लेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!