प्रमुख मार्गों पर नालों की गाद सफाई (डिसिल्टिंग), सीएंडडी अपशिष्ट एवं मलबा हटाने का कार्य तेज
सुरक्षा, स्वच्छता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु बहु-टीम तैनाती

गुरुग्राम, 3 मई: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. सी. मीणा के निर्देशों एवं प्रत्यक्ष निगरानी में मानसून से पूर्व शहर में शहरी अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जल निकासी तंत्र, सड़कों की स्थिति तथा समग्र शहरी रखरखाव में सुधार के लिए कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।
सीईओ जीएमडीए के निर्देशानुसार, शहरभर में अनेक टीमें तैनात की गई हैं, जो नालों की गाद सफाई (डिसिल्टिंग), निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट हटाने, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत, जंगली वनस्पति हटाने तथा ग्रीन बेल्ट के रखरखाव जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर कर रही हैं।

“यह एक समन्वित प्रयास है, जिसके अंतर्गत शहर की जल निकासी व्यवस्था, सड़कों एवं हरित पट्टियों की स्थिति तथा स्वच्छता में व्यापक सुधार किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर गाद हटाने, अपशिष्ट प्रबंधन, अवसंरचना मरम्मत एवं सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव हेतु समर्पित टीमें कार्यरत हैं। रियल-टाइम मॉनिटरिंग एवं कड़ी निगरानी के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है,” सीईओ जीएमडीए पी. सी. मीणा ने कहा।
प्रमुख मार्गों पर नालों की गाद सफाई से जल निकासी क्षमता में सुधार
जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सेक्टर 46/39/40 डिवाइडिंग रोड पर लगभग 4.1 किलोमीटर तथा सेक्टर 60/61 डिवाइडिंग रोड पर लगभग 1.55 किलोमीटर लंबाई के सतही नालों की व्यापक गाद सफाई (डिसिल्टिंग) की गई है। इस दौरान नालों में जमी गाद, कीचड़ एवं मलबा हटाया गया, जिससे उनकी जल वहन क्षमता प्रभावित हो रही थी।
गाद हटाए जाने के पश्चात नालों की मूल वहन क्षमता बहाल हुई है, जिससे वर्षा जल का निर्बाध प्रवाह मास्टर ड्रेनेज प्रणाली तक संभव हो सकेगा। इससे विशेषकर भारी वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी।

गाद सफाई कार्य कड़ी निगरानी में किया जा रहा है ताकि नालों की गहराई तक सफाई सुनिश्चित हो सके। कार्यों की गुणवत्ता की जांच विभिन्न स्तरों पर की जा रही है तथा सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त सेक्टर 39/46 मास्टर रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी गाद सफाई कार्य प्रगति पर है, जहां टीमें निरंतर संवेदनशील बिंदुओं पर कार्य कर रही हैं।
मुख्य सड़कों से वर्षा जल की त्वरित निकासी सुनिश्चित करने हेतु नए रोड गली (गुली) निर्माण तथा मौजूदा वाटर ट्रैप्स की सफाई का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल को शीघ्रता से जल निकासी तंत्र में प्रवाहित किया जा सके।
सीएंडडी अपशिष्ट हटाने एवं सफाई कार्य में तेजी

इसके समानांतर, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट, सड़क किनारे जमी गाद एवं मलबा हटाने का कार्य सेक्टर 84, सेक्टर 102, सेक्टर 14, सेक्टर 44/45, इफको मेट्रो स्टेशन के निकट तथा सुभाष चौक सहित विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य जल निकासी तंत्र में अवरोधों को रोकना तथा वर्षा के दौरान जल प्रवाह को सुचारु बनाए रखना है।
सड़क किनारों एवं ग्रीन बेल्ट की सफाई भी की जा रही है ताकि जल निकासी मार्ग अवरुद्ध न हों। इसके अतिरिक्त जंगली वनस्पति एवं बागवानी अपशिष्ट हटाने का कार्य भी शहरभर में जारी है। अतुल कटारिया चौक एवं इफको चौक के आसपास सहित विभिन्न स्थलों पर ग्रीन बेल्ट का समतलीकरण भी किया जा रहा है, जिससे कार्यक्षमता एवं सौंदर्य दोनों में सुधार हो सके।
इन सभी कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है ताकि गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित हो तथा समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कर गुरुग्राम की शहरी अवसंरचना में स्थायी एवं स्पष्ट सुधार लाया जा सके।








