चुनाव खत्म, महंगाई की मार चालू
गुरुग्राम,03 मई 2026 । संयुक्त किसान मोर्चा, गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने चुनाव संपन्न होते ही गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई भारी बढ़ोतरी को आम जनता के साथ विश्वासघात करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि ऐसे समय में की गई है जब आम नागरिक पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे छोटे व्यापारियों, ढाबा संचालकों, मेस संचालकों, विद्यार्थियों और कामकाजी वर्ग की जेब पर सीधा असर पड़ा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कुल 1,518 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
विशेष रूप से 1 मई को 993 रुपये की एकमुश्त वृद्धि ने सभी को चौंका दिया है। इससे पहले भी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती रही है।1 अप्रैल को 218 रुपये, 7 मार्च को 115 रुपये, 1 मार्च को 31 रुपये, 1 फरवरी को 50 रुपये और 1 जनवरी को 111 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि इन बढ़ोतरी के कारण छोटे व्यवसायों की लागत में भारी इजाफा हुआ है, जिसका असर सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। ढाबों और मेस में भोजन की कीमतें बढ़ने की संभावना है, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटे (5 किलो) गैस सिलेंडरों की कीमतों में 261 रुपए की वृद्धि ने निम्न एवं मध्यम आय वर्ग की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। यह स्थिति व्यापक महंगाई की ओर संकेत करती है, जिसमें आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की लागत लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर तुरंत संज्ञान ले और गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता और छोटे व्यवसायों को राहत मिल सके।








