सैक्टर-56 में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जनभागीदारी पर विशेष जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— “नई सोच – नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के तहत नागरिकों को स्वच्छता के लिए किया गया प्रेरित

गुरुग्राम, 3 मई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा संचालित “नई सोच – नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के अंतर्गत वॉर्ड नंबर-21, जोन-4 के सैक्टर-56 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में एक भव्य स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं स्थानीय निवासियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में वॉर्ड-21 की पार्षद सोनिया यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव, सैक्टर-56 आरडब्ल्यूए के प्रधान हरीश यादव तथा सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का आह्वान

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद स्वच्छता विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। अपने संबोधन में पार्षद सोनिया यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए घर में चार कूड़ेदान रखने और कचरे के उचित पृथक्करण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

प्लास्टिक और प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके पूर्ण बहिष्कार की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है। साथ ही उन्होंने कचरा जलाने जैसी गतिविधियों से बचने और वायु प्रदूषण रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

स्वच्छता की शपथ और जनआंदोलन का संदेश

कार्यक्रम के दौरान प्रिंका यादव ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, वॉर्ड कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया और कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण संभव है।

सामाजिक संगठनों और नागरिकों का सहयोग

इस अवसर पर विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरडब्ल्यूए-57 के प्रधान रोशन लाल, सैक्टर-52 के प्रधान राजकुमार यादव, वॉर्ड कमेटी सदस्य, एचएमएस टीम के सदस्य अक्षय, अनिरुद्ध, मनोज सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय निवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

स्वच्छ और हरित गुरुग्राम का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर स्वच्छ, सुंदर और हरित गुरुग्राम बनाने का संकल्प लिया। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम न केवल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक हैं, बल्कि नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!