गुरुग्राम के सरकारी स्कूलों में दाखिलों में भारी गिरावट चिंता का विषय: चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एक साल में 28 हजार छात्रों की कमी, ‘प्रवेश उत्सव’ की प्रभावशीलता पर उठे गंभीर सवाल

गुरुग्राम, 02 मई 2026। गुरुग्राम के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिलों में आई 18.6 प्रतिशत की भारी गिरावट ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा, गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

शिक्षा विभाग के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025–26 में जहां करीब 1.50 लाख विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया था, वहीं 2026–27 में यह संख्या घटकर लगभग 1.22 लाख रह गई है। यानी एक वर्ष में करीब 28 हजार विद्यार्थियों की कमी दर्ज हुई है, जो शिक्षा क्षेत्र के लिए गंभीर संकेत मानी जा रही है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि ‘प्रवेश उत्सव’ जैसे कार्यक्रमों और व्यापक प्रचार के बावजूद यदि दाखिलों में गिरावट आ रही है, तो यह साफ संकेत है कि जमीनी स्तर पर शिक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के वास्तविक सुधार के बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान दे रही है।

उन्होंने शिक्षक संगठनों की चिंताओं का हवाला देते हुए बताया कि शिक्षकों पर गैर-शैक्षणिक कार्यों का अत्यधिक बोझ है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली हैं और स्थायी नियुक्तियों में देरी से हालात और बिगड़ रहे हैं।

चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से मांग की कि दाखिलों में गिरावट के कारणों का गहन विश्लेषण कर ठोस सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली ही समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!