सर छोटू राम सोसायटी में स्व. चौ. गोपीचंद गहलोत को भावभीनी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शोक सभा में सुरेन्द्र गहलोत ने साझा कीं स्मृतियां, शिक्षा व समाजसेवा में योगदान को किया याद

गुरुग्राम, 29 अप्रैल – गुरुग्राम के सेक्टर-32 झाड़सा स्थित सर छोटू राम एजुकेशनल एंड कल्चरल सोसाइटी एवं सी.आर. मॉडल पब्लिक स्कूल में स्वर्गीय चौधरी गोपीचंद गहलोत की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रशासकों, अध्यापकों और विद्यार्थियों ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में स्व. चौ. गोपीचंद गहलोत (पूर्व डिप्टी स्पीकर, हरियाणा सरकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) के पुत्र सुरेन्द्र गहलोत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के प्रशासक ईश्वर सिंह यादव द्वारा स्वर्गीय गहलोत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।

इस दौरान सुरेन्द्र गहलोत ने अपने पिता के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग विद्यार्थियों और अध्यापकगणों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि बचपन में ही कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए उनके पिता ने न केवल स्वयं को संभाला, बल्कि पूरे परिवार को एकजुट रखते हुए संघर्ष के बल पर आगे बढ़े।

उन्होंने बताया कि स्व. गहलोत का सर छोटू राम संस्था के प्रति विशेष लगाव था। अपने कार्यकाल में उन्होंने संस्था के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए और हमेशा इसके विस्तार व उन्नति पर बल दिया। उनके प्रयासों से ही सी.आर. मॉडल पब्लिक स्कूल को 12वीं कक्षा तक सीबीएसई मान्यता प्राप्त हुई, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सके।

गहलोत की सोच थी कि यह संस्थान समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीब व जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेलकूद के अवसर प्रदान करे।

सभा के अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्वर्गीय गहलोत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर सुरेन्द्र गहलोत, संस्था के प्रशासक ईश्वर यादव, स्कूल की प्रिंसिपल पुष्पा रानी, वाइस प्रिंसिपल ज्योति गुलिया सहित समस्त अध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!