30 अप्रैल स्व-गणना का अंतिम दिन, अपनी जानकारी अवश्य भरें
ऑनलाइन पोर्टल पर घर बैठे पूरी की जा सकती है प्रक्रिया
गुरुग्राम, 29 अप्रैल – जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया के लिए 30 अप्रैल अंतिम दिन है। एडीसी सोनू भट्ट ने नागरिकों से अपील की है कि वे आज स्व-गणना में भाग लेकर अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग दें।
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि आज स्व-गणना की अंतिम तिथि है, इसलिए सभी परिवार बिना देरी किए इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं भर सकते हैं, जिससे जनगणना का कार्य अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनता है।
एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि नागरिक स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। वहां मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद लॉगिन किया जा सकेगा और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ऐसे पूरी करें स्व-गणना प्रक्रिया

स्व-गणना के लिए सबसे पहले पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना राज्य चुनें और वेरिफिकेशन कोड भरें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन विकल्प में घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें। एक मोबाइल नंबर से एक ही घर का पंजीकरण होगा।
आगे भाषा विकल्प में 16 भाषाओं में से अपनी भाषा चुनें और ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद अपना जिला व शहर का नाम दर्ज करें और मैप पर दिख रहे लाल मार्कर को अपने घर की सटीक लोकेशन पर सेट करें।
इसके बाद सवाल-जवाब का सेक्शन खुलेगा, जिसमें जनगणना मकान की दीवार और छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी हालत, परिवार क्रमांक, परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम व लिंग तथा सामाजिक वर्ग से संबंधित जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही मकान के स्वामित्व की स्थिति, उपलब्ध कमरों की संख्या, विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुविधा और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी तथा स्नानघर की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी भी भरनी होगी।
इसके अलावा रसोईघर और एलपीजी या पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त ईंधन, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप या कंप्यूटर, मोबाइल फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी। साथ ही परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर भी दर्ज करना जरूरी होगा।
सभी जानकारी भरने के बाद डाटा को ध्यान से जांच लें और फिर सबमिट करें। सबमिट करने के बाद स्क्रीन पर सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी दिखाई देगी। इसका स्क्रीनशॉट या फोटो लेकर सुरक्षित रखें। यह आईडी एसएमएस और ईमेल पर भी प्राप्त होगी। जब गणना कर्मी घर पर आएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।








