नारी शक्ति वंदन अधिनियम विफल करने वालों के खिलाफ देश की महिलाओं के मन में पीड़ा, चिंता और आक्रोश।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा का कार्यक्रम की संयोजिका एवं जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने पुष्प गुच्छ देकर किया स्वागत।
जन आक्रोश सम्मेलन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका विपक्ष का पुतला।
विपक्ष के पास सिर्फ नारी शक्ति के प्रति है नफरत : सांसद रेखा शर्मा।
थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 27 अप्रैल : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए महिला सशक्तिकरण वोट बैंक का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। वर्ष 2015 में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत से महिला उत्थान का जो बीड़ा प्रधानमंत्री ने उठाया था, वह अब महिलाओं को विधानपालिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देने तक पहुंच गया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक- तिहाई आरक्षण सुनिश्चित करता है। इसका उद्देश्य केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें नीति निर्माण में नेतृत्व की भूमिका देना है।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी सोमवार को पंचायत भवन में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आयोजित नारी शक्ति जन आक्रोश सम्मेलन को संबोधित कर रही थी। उपाध्यक्षा सुमन सैनी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा का कार्यक्रम की संयोजिका एवं जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सम्मेलन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्ष का पुतला फूंककर रोष प्रकट किया।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज हम यहां नारी शक्ति जन आक्रोश सम्मेलन के मंच पर एक ऐसे मुद्दे को लेकर एकत्रित हुए हैं, जिसने पूरे देश की महिलाओं के मन में पीड़ा, चिंता और आक्रोश पैदा किया है। यह मुद्दा विपक्ष द्वारा नारी शक्ति अभिनन्दन बिल का विरोध और उसे लोकसभा में पास न होने देना है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बिल का विरोध नहीं है, बल्कि यह उन उम्मीदों का विरोध है जो देश की करोड़ों महिलाओं ने अपने बेहतर भविष्य के लिए देखी थीं। यह उन सपनों को रोकने की कोशिश है, जिनमें महिलाएं बराबरी का हक, सम्मान और भागीदारी चाहती हैं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि 17 अप्रैल का दिन लोकतंत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाना था, लेकिन विपक्षी दलों ने अपनी नारी विरोधी मानसिकता के चलते इसे कलंकित करने का प्रयास किया है। उन्होंने इसे नारी शक्ति के लिए काला दिन बना दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब देश की मातृशक्ति को उनका हक देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, तो विपक्ष ने उसका विरोध किया और पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, जल जीवन मिशन ने घर-घर जल पहुंचाया, स्वच्छ भारत मिशन ने सम्मान और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया तथा जन धन योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। रक्षा सेवाओं में महिलाओं को स्थायी कमीशन, सैनिक स्कूलों व एनडीए में प्रवेश, तथा विज्ञान, तकनीक और विमानन जैसे क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तीकरण के सशक्त उदाहरण हैं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, चाहे वह शिक्षा हो, राजनीति हो, खेल हो या समाज सेवा हो, लेकिन जब बात निर्णय लेने की आती है या जब बात नेतृत्व की आती है, तब महिलाओं की भागीदारी अभी भी सीमित है। यही कमी दूर करने के लिए ऐसे बिल लाए जाते हैं, ताकि महिलाओं को भी बराबर का मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार ने भी महिला सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया। लखपति दीदी योजना, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, महिलाओं के लिए राशन डिपो और वीटा बूथ में आरक्षण, तथा महिला उद्यमिता मंच जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, पिंक कैब योजना, नमो ड्रोन दीदी योजना और एचपीवी वैक्सीन अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और रोजगार दोनों को मजबूत कर रहे हैं। महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस थाने, दुर्गा शक्ति ऐप जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों को पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा तथा बसों में मुफ्त यात्रा जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी परिवर्तन को नई गति देने के लिए लाया गया था। यह विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
विपक्ष के पास सिर्फ नारी शक्ति के प्रति है नफरत : सांसद रेखा शर्मा।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोककर लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार किया है। विपक्ष के पास न नीति है, न नीयत। उनके पास सिर्फ नारी-शक्ति के प्रति नफरत है। देश की महिलाएं देख रही हैं कि कौन उनके साथ खड़ा है और कौन उनके अधिकारों का चीरहरण करने वालों के साथ। विपक्षी दल याद रखें, जिस नारी का उन्होंने आज अपमान किया है, वही नारी शक्ति आने वाले समय में इनकी राजनीति का अंत करेगी। उन्होंने कहा कि यह विधेयक करोड़ों भारतीय महिलाओं के सम्मान का उद्घोष है। प्रधानमंत्री जी रुकने वाले नहीं हैं। उनके नेतृत्व में नारी शक्ति का यह रथ महिलाओं को उनका हक दिलाकर ही दम लेगा।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि आज जरूरत है हम सब एकजुट होकर इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करें। हमें संदेश देना होगा कि हम किसी भी हालत में महिलाओं के अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे। चाहे वह संसद हो या समाज, हर जगह महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। हमें अपने अंदर की शक्ति को पहचानना होगा। हमें यह समझना होगा कि हमारी आवाज में बहुत ताकत है। जब हम एकजुट होते हैं, तो कोई भी हमें नजरअंदाज नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हम इस अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों। हम महिलाओं के अधिकारों के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। हम उन लोगों को भी यह एहसास दिलाएंगे कि नारी को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति को दबाया नहीं जा सकता। यह एक ऐसी शक्ति है, जो हर मुश्किल को पार कर सकती है। अगर कोई इसे रोकने की कोशिश करेगा तो यह और भी मजबूती से आगे बढ़ेगी। हम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के लिए हमेशा खड़े रहेंगे। हम तक चुप नहीं बैठेंगे और रुकेंगे नहीं जब तक नारी को उसका पूरा अधिकार नहीं मिल जाता।
पंचायती विभाग के 50 फीसदी पदों को संभाल रही हैं महिलाएं : कंवलजीत कौर
जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के चलते ही हरियाणा प्रदेश में भाजपा पार्टी ने सबसे पहले पंचायती विभाग में 50 फीसदी आबादी महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। जिसके परिणामस्वरूप अब हरियाणा की पंचायतों में 50 प्रतिशत पदों को महिलाएं चला रही हैं।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, जिला अध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, प्रधान जितेंद्र सिंह खैरा, सैनी समाज के प्रधान गुरनाम सिंह सैनी, सीएम मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, नप चेयरपर्सन माफी ढांडा, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, ब्लॉक समिति चेयरपर्सन रजनी शर्मा, बीबी करतार कौर, रेणु खुंगर, परमजीत कश्यप, अन्नु माल्यान, विजय लक्ष्मी, रेखा वाल्मीकि, नीशा महेश्वरी, रीना सैनी, पूनम सैनी, सोहन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।






