जनसेवा के सच्चे सिपाही को नमन, गुरुग्राम में परिवार से मिलकर जताई संवेदना

गुरुग्राम, 26 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह गुरुग्राम स्थित डीपीजी आईटीएम इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर पहुंचकर पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. चौ. गोपीचंद गहलोत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय गहलोत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और शोक संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। इस दौरान गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि चौ. गोपीचंद गहलोत केवल दक्षिण हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के कद्दावर और जनप्रिय नेता थे। उनके निधन से हरियाणा की राजनीति और समाजसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि गहलोत का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, मिलनसार और परिपक्व था। वे हर वर्ग के लोगों में समान रूप से लोकप्रिय थे और जनसेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य था।

प्रदेश ने खोया जनसेवा का सच्चा सिपाही
मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें गहलोत के साथ कार्य करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “उनका विनम्र स्वभाव, लोगों के प्रति अपनापन और जनहित के प्रति समर्पण की भावना हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।” सैनी ने भावुक शब्दों में कहा कि गहलोत ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने स्व. गहलोत के पुत्र बिजेन्द्र गहलोत और एडवोकेट सुरेन्द्र गहलोत झाड़सा को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पिता का साया सिर से उठ जाना जीवन में बड़ा शून्य छोड़ जाता है, लेकिन परिवार को हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, “आप अपने पिता के आदर्शों को आगे बढ़ाएं, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।”
मुख्यमंत्री ने स्व. गहलोत की धर्मपत्नी श्रीमती शकुन्तला गहलोत से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार और समाज हर समय उनके साथ खड़े हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी माह 11 अप्रैल को 76 वर्ष की आयु में चौ. गोपीचंद गहलोत का निधन हो गया था। 20 अप्रैल को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री समयाभाव के कारण शामिल नहीं हो पाए थे, लेकिन आज विशेष रूप से पहुंचकर उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।







