जनसेवा और सादगी की मिसाल रहे गहलोत, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 26 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर श्री गोपी चंद गहलोत के निधन पर रविवार को प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद समाचार के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं गुरुग्राम स्थित उनके निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय गोपी चंद गहलोत का सार्वजनिक जीवन अत्यंत सादगी, समर्पण और जनसेवा की भावना से परिपूर्ण रहा। उन्होंने प्रदेश की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
श्री सैनी ने कहा कि गहलोत एक कर्मठ और जनप्रिय नेता थे, जिन्होंने विधानसभा में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। उनके निधन से न केवल राजनीतिक जगत बल्कि समाज के हर वर्ग को गहरा आघात पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से कामना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।








