लंबित मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों का प्रदर्शन, मंत्री आवास पर सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरीदाबाद घटना के पीड़ित परिवारों को न्याय व हड़ताल समाप्त करने के लिए सरकार से वार्ता की मांग

गुडगांव, 25 अप्रैल (अशोक): नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर शनिवार को नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी पुराने निगम कार्यालय पर एकत्रित हुए और कर्मचारी यूनियन के प्रधान बसंत कुमार व अग्निशमन विभाग यूनियन के प्रधान साहून खान की अध्यक्षता में रैली निकाली।

प्रदर्शनकारी कर्मचारी अग्रसेन चौक और अग्रवाल चौक से होते हुए सिविल लाइन स्थित प्रदेश के केबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं बसंत कुमार, साहून खान, सुशीला देवी, राजेश कुमार, महेश कुमार, भारत कांगड़ा और धर्मेंद्र जिंगाला ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-29 स्थित दमकल केंद्र पर कर्मचारियों का धरना 18वें दिन भी जारी है।

नेताओं ने कहा कि हाल ही में फरीदाबाद में हुई घटना में दो कर्मचारियों की मौत के बावजूद उनके परिजनों को अब तक न्याय नहीं मिला है। वहीं प्रदेश में बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बीच भी सरकार द्वारा स्थिति को सामान्य बताया जा रहा है, जो वास्तविकता से परे है।

कर्मचारी नेताओं ने मांग की कि सरकार तुरंत पहल कर हड़ताली कर्मचारियों से बातचीत करे और लंबित मांगों का समाधान निकाले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में सुनील कुमार, ज्ञानचंद, सीमा देवी, अनीता देवी, कैलाश, गब्बर सिंह, दया चंद, जयपाल, राकेश, किशन लाल, अशोक कुमार, कुलदीप, तेजपाल, धर्मेंद्र, पुष्पेंद्र, जोगिंदर, नरेश कुमार, सुभाष, मुकेश, सतपाल, हरिओम, ललित कुमार, सतबीर, राजू तंवर, मुबीन खान, प्रदीप, कुलदीप, सुनील कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!