सोनीपत के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन, सांपला चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीन कोच ने भरा नामांकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व अन्य नेताओं की मौजूदगी में भरा नामांकन

नामांकन यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली का किया गया फूल बरसाकर स्वागत

जनता का लगातार बढ़ता विश्वास निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत में परिवर्तित होगा : मोहन लाल बड़ौली

भाजपा की जीत क्षेत्र के विकास की गारंटी : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 24 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को सोनीपत निगम के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और रोहतक के सांपला नगर पालिका के चेयरमैन पद के प्रत्याशी प्रवीन कोच का विधिवत नामांकन भरवाया। नामांकन के दौरान सोनीपत और सांपला में भव्य रोड शो का आयोजन हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मेयर प्रत्याशी राजीव जैन और चेयरमैन प्रत्याशी प्रवीण कोच के साथ खुली गाड़ी में खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए भाजपा समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और कमल के निशान के साथ नारे लगाते नजर आए। पूरे माहौल में चुनावी जोश और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया। लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर फूल बरसाएं और मोदी जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद, मोहन लाल बडौली जिंदाबाद, भारत माता के जमकर जयकारे लगाए।

सोनीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और यही विश्वास इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत में परिवर्तित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और हरियाणा में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचा रहा है, जिसके चलते आम जनता में भाजपा के प्रति लगातार विश्वास बढ़ रहा है।

श्री बड़ौली ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे नगर निगम चुनाव में कमल के फूल के सामने वाला बटन दबाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं है, बल्कि विकास और सुशासन की निरंतरता का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उम्मीदवारों की जीत से शहर में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। इस अवसर पर संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मलिक, विधायक निखिल मदान, पवन खरखौदा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

सांपला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है। मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने देश के हर वर्ग तक विकास पहुंचाया है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। नायब सैनी सरकार बिना भेदभाव किए हर क्षेत्र में विकास करा रही है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार का प्रदेश में पारदर्शी शासन, ई-गवर्नेंस, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है। भाजपा सरकार में पिछले लगभग 12 वर्षों में सड़कों, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं, जिससे आम जनमानस को सीधा लाभ मिला है।

मोहन लाल बड़ोली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कमल के फूल का संदेश लेकर जनता के बीच जाएं और उन्हें समझाएं कि विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा की “ट्रिपल इंजन” सरकार बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय, राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलती है और योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के आम लोगों तक पहुंचता है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी प्रवीन कोच सहित सभी पार्षदों को भारी मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दें। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की जीत क्षेत्र के विकास की गारंटी है।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर रामवतार वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन मंजू हुड्डा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं क्षेत्र की देवतुल्य जनता जनार्दन उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!