सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण जरूरी : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिले में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश

अभिभावकों से बेटियों को टीका लगवाने की अपील

स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग को मिलकर काम करने के निर्देश

गुरुग्राम, 23 अप्रैल- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और इसका उद्देश्य बेटियों को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।

इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीकाकरण अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद डीसी उत्तम सिंह ने जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को तेज गति से पूरा करने के निर्देश जारी किए।

डीसी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में अहम भूमिका निभाती है। यह टीकाकरण मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभिभावकों में यदि कोई शंका है तो उसे जागरूकता के माध्यम से दूर किया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ इस अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाएं। स्कूलों में छात्राओं का डाटा तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा किया जाए और पीटीएम के दौरान अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाए। पंचायत स्तर पर भी विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया जाए।

डीसी ने कहा कि पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में चिकित्सक लोगों को जागरूक करें और स्पष्ट रूप से बताएं कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभार्थी किशोरी खाली पेट न हो और अभिभावकों की पूर्व सहमति लेना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

डीसी ने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी संदेह के अपनी बेटियों को यह टीका लगवाएं और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ जेपी राजलीवाल, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, प्रिंसिपल विनीता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!