स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र का गुरुग्राम के पीएफटीआई कार्यालय में दौरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— शहर की स्वच्छता व्यवस्था व औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई सुधार पर हुई विस्तृत चर्चा

गुरुग्राम, 19 अप्रैल। स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के कार्यालय का दौरा कर पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई की स्थिति को सुधारने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सुभाष चंद्र ने औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श करते हुए कहा कि इन मुद्दों का शीघ्र समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर पीएफटीआई के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.पी. अग्रवाल ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि प्रदेश के बड़े शहरों में सफाई कार्य यदि दिन के बजाय रात्रि में किया जाए, तो इसके बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि रात्रिकालीन सफाई से ट्रैफिक और भीड़भाड़ की समस्या नहीं होगी, जिससे कार्य तेजी और सुचारु रूप से संपन्न किया जा सकेगा। साथ ही दिन के समय शहर अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई देगा तथा औद्योगिक गतिविधियों में भी कोई बाधा नहीं आएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि रात्रि में सफाई कार्य होने से संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा और समय प्रबंधन में भी सुधार आएगा। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों की मौजूदगी से निगरानी बढ़ेगी, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बैठक में पीएफटीआई के गुरुग्राम अध्यक्ष पी.के. गुप्ता, कोर कमेटी सदस्य डी.पी. गौड़, राजेंद्र सैनी और अमन गुप्ता ने भी अपने सुझाव साझा किए और शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

इस दौरान सैक्टर-10 और सैक्टर-35 की सफाई व्यवस्था को लेकर जॉइंट कमिश्नर डॉ. प्रीत पाल से भी चर्चा की गई। उन्होंने तत्काल मुख्य सफाई निरीक्षक संदीप को आवश्यक निर्देश जारी कर सफाई कार्य को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने को कहा।

सुभाष चंद्र ने बैठक में कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि औद्योगिक संगठनों और नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पीएफटीआई से अपील की कि वे इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस पर एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी ने मिलकर स्वच्छ और बेहतर शहर के निर्माण का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!