प्रधानमंत्री मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में जनता के सामने कांग्रेस की सच्चाई को स्पष्ट कर दिया : मोहन लाल बड़ौली
कांग्रेस का इतिहास हमेशा से ही महिला सशक्तिकरण के प्रति नकारात्मक रहा है : मोहन लाल बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सोनीपत में कार्यकर्ताओं के साथ सुना पीएम मोदी का देश के नाम संबोधन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को देश की महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित बताया

चंडीगढ़, 18 अप्रैल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन सुना। श्री बड़ौली ने प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को देश की महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने जो स्पष्टता और दृढ़ता दिखाई है वह देश की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोललते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही महिलाओं के अधिकारों की घोर विरोधी रही है। कांग्रेस पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके महापाप किया है जिसे देश की नारी शक्ति कभी माफ नहीं करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में जिस प्रकार से अधिनियम को लेकर आई चुनौतियों और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को उजागर किया है उससे देश की जनता के सामने कांग्रेस की सच्चाई स्पष्ट हो गई है।

कांग्रेस को घेरते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर राजनीति की है, लेकिन जब ठोस निर्णय लेने का समय आया तो कांग्रेस ने महिलाओं को मिलने वाले समानता के अधिकार पर कुठाराधात कर दिया। श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम नहीं किया। कांग्रेस का इतिहास महिला सशक्तिकरण के प्रति नकारात्मक रहा है। कांग्रेस ने तीन तलाक के अलावा हर महिला हितैषी कदम का विरोध किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेकों योजनाएं लागू की हैं जिनका लाभ आज देश की करोड़ों महिलाएं उठा रही हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को समान भागीदारी देने का एक ऐतिहासिक संकल्प है। कांग्रेस द्वारा इस पर की जा रही राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है और यह दर्शाता है कि वह महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और महिलाओं के सशक्तिकरण के इस अभियान को और मजबूती दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता सच्चाई को समझती है और आगामी चुनावों में कांग्रेस को उसके इस रवैये का करारा जवाब देगी।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रही है और करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत महिलाओं के सशक्तिकरण का उदाहरण बनेगा।








