हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी : घोषणा पत्र समिति की एक अहम बैठक चंडीगढ़ में आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जन सुझावों के आधार पर बनेगा कांग्रेस का घोषणा पत्र, भ्रष्टाचार और भयमुक्त प्रशासन पर रहेगा फोकस

चंडीगढ़, 18 अप्रैल 2026। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए घोषणा पत्र समिति की एक अहम बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की चेयरपर्सन एवं विधायक गीता भुक्कल ने की। इस दौरान विधायक बीबी बत्रा, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, संजीव भारद्वाज, सतीश तेजली, तरुण चुघ तथा जयवीर आंतिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में आमजन को दरपेश समस्याओं पर गंभीरता से मंथन किया गया तथा उनके व्यावहारिक और प्रभावी समाधान तलाशने पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और अनुभवों को साझा करते हुए एक जनोन्मुखी, समावेशी और विकासोन्मुख घोषणा पत्र तैयार करने पर बल दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन गीता भुक्कल ने बताया कि घोषणा पत्र को व्यापक और जनभावनाओं के अनुरूप बनाने के लिए सांसदों, विधायकों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ-साथ आम जनता से भी सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें अंतिम मसौदे में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि पंचकुला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं के लिए एक संयुक्त और समग्र घोषणा पत्र तैयार किया जा रहा है। इस घोषणा पत्र का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार और भय के माहौल को समाप्त कर पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना होगा।

गीता भुक्कल ने विश्वास जताया कि समिति द्वारा तैयार किया जा रहा घोषणा पत्र आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और नगर निकायों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए एक ठोस रोडमैप प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र को शीघ्र अंतिम रूप देकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपा जाएगा, जिसके बाद इसे सार्वजनिक किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!