अंबाला में कुलविंद्र कौर और सोनीपत में कमल दीवान को कांग्रेस ने बनाया मेयर उम्मीदवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 18 अप्रैल 2026 – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अंबाला तथा सोनीपत नगर निगम चुनावों के लिए मेयर पद के प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा कर दी है। अंबाला नगर निगम का मेयर पद बीसी (बी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि सोनीपत नगर निगम की सीट सामान्य श्रेणी के अंतर्गत आती है।

यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अंबाला नगर निगम के लिए श्रीमती कुलविंद्र कौर (धर्मपत्नी श्री कृपाल सिंह सैनी) तथा सोनीपत नगर निगम के लिए जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष श्री कमल दीवान को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि कमल दीवान एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता स्वर्गीय देवराज दीवान सोनीपत से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत जनपकड़ तथा जनसेवा का लंबा अनुभव रहा है। वहीं, कुलविंद्र कौर का परिवार भी अंबाला शहर का एक सम्मानित एवं प्रतिष्ठित परिवार है, जो सदैव स्थानीय लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहा है।

राव नरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि कांग्रेस पार्टी पूर्ण मजबूती, संगठनात्मक एकजुटता और व्यापक जन समर्थन के साथ इन चुनावों में भाग लेगी और सभी सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी की घोषणा भी जल्द की जाएगी। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पूरे उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव अभियान में जुटकर प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!