ई-ऑक्शन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में कदम, गुरुग्राम नगर निगम में दिया गया प्रशिक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा स्तर पर तैयार पोर्टल के माध्यम से अब म्युनिसिपल प्रॉपर्टी की ऑक्शन होगी ऑनलाइन, सरकार ने बनाई नई ऑक्शन पॉलिसी

गुरुग्राम, 18 अप्रैल। नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में शहरी स्थानीय निकाय विभाग तथा हरियाणा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) द्वारा ई-ऑक्शन मैनेजमेंट सिस्टम को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को नई डिजिटल प्रणाली के उपयोग के लिए सक्षम बनाना था, ताकि ऑक्शन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि हरियाणा सरकार द्वारा राज्य स्तर पर एक आधुनिक ई-ऑक्शन पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से अब म्युनिसिपल प्रॉपर्टी की नीलामी प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। इस नई प्रणाली से न केवल मानवीय हस्तक्षेप में कमी आएगी, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।

अधिकारियों को पोर्टल के संचालन, रजिस्ट्रेशन, बिडिंग प्रक्रिया तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, प्रतिभागियों को लाइव डेमो के माध्यम से ई-ऑक्शन की पूरी प्रक्रिया समझाई गई, जिससे वे वास्तविक परिस्थितियों में भी इस प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर सकें।

प्रशिक्षण सत्र में यह भी अवगत कराया गया कि हरियाणा सरकार द्वारा एक नई ऑक्शन पॉलिसी तैयार की गई है, जिसके तहत सभी स्थानीय निकायों में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। इस पॉलिसी के लागू होने से राजस्व संग्रहण में वृद्धि होने की संभावना है और भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर भी अंकुश लगेगा।

नगर निगम गुरुग्राम के चीफ टाउन प्लानर संजीव मान ने इस पहल को डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि इससे कार्यप्रणाली में सुधार के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।

इस मौके पर सीटीपी संजीव मान के साथ एसटीपी वेदप्रकाश सहरावत, डीटीपी सिद्धार्थ खंडेलवाल, तहसीलदार हरकेश गुप्ता, नायब तहसीलदार एचएस पुनिया, जेडटीओ दिनेश कुमार, पंकज कुमार, राजेश यादव व बीएस छोकर सहित नगर निगम गुरुग्राम, नगर परिषद सोहना व पटौदी जटौली मंडी तथा नगर पालिका फरुखनगर के राजस्व व टैक्स ब्रांच के अधिकारी शामिल थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!