भूमि माफियाओं पर गुरुग्राम पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, अवैध कब्जे ध्वस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई, झुग्गी बस्तियों की आड़ में चल रहे अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़

गुरुग्राम, 17 अप्रैल 2026: गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए भूमि माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर सर्जिकल स्ट्राइक की। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर जेएमडी अंपायर बिल्डिंग के नजदीक किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर भारी मशीनरी की सहायता से उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

इस कार्रवाई में श्रीकुल शेख (निवासी गांव पलासी, जिला नादिया, पश्चिम बंगाल) और मोंटू मिया (निवासी गांव गुआबाड़ी, जिला अलीपुर, पश्चिम बंगाल) को चिन्हित किया गया। दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े रहे हैं, जिनके खिलाफ पहले से ही विभिन्न अभियोग दर्ज हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अवैध रूप से झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया। उनसे अवैध किराया वसूला जाता था और इन स्थानों का उपयोग मादक पदार्थों के भंडारण और बिक्री के लिए किया जा रहा था।

यह कार्रवाई क्राइम यूनिट सेक्टर-43 द्वारा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से अंजाम दी गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूरी तरह मुक्त कराया गया। पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी और तेज किए जाएंगे, ताकि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!