भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने गुरुवार को किया सोनीपत अनाज मंडी का दौरा, किसानों, आढ़तियों, मजदूरों से किया सीधा संवाद
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है : बड़ौली

चंडीगढ़, 16 अप्रैल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गुरुवार को सोनीपत की अनाज मंडी का दौरा कर चल रही फसल खरीद व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में पहुंचकर खरीद प्रक्रिया, फसल के तौल, उठान, भंडारण तथा किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मंडी दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। किसानों ने अपनी बात रखते हुए मंडी में व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक दिया, जिस पर श्री बडौली ने अधिकारियों को तत्परता से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने मंडी में कार्यरत मजदूरों एवं आढ़तियों से भी बातचीत की और उनके कार्य-परिस्थितियों, मजदूरी व्यवस्था तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मजदूर और आढ़ती भी खरीद प्रक्रिया की अहम कड़ी हैं, इसलिए उनके हितों और सुविधाओं का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बडौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी किसान को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसके त्वरित समाधान के लिए भाजपा के सभी मंत्री एवं विधायक लगातार प्रदेश की अनाज मंडियों का दौरा कर रहे हैं और व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं।
श्री बड़ौली ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसानों की फसल का समय पर उठान हो, भुगतान में देरी न हो तथा मंडियों में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध करवाई जाएं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खरीद प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। इसके लिए सरकार द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मंडियों में बेहतर प्रबंधन और प्रभावी समन्वय के माध्यम से किसानों को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, मार्केट कमेटी सोनीपत के वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, सुनीता लोहचब, मार्केट कमेटी सचिव जितेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।







