डीसी उत्तम सिंह ने कहा—कोई भी शिकायतकर्ता निराश नहीं लौटेगा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गुरुग्राम, 16 अप्रैल। जिला प्रशासन द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविरों का सफल आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनकी सुनवाई डीसी उत्तम सिंह द्वारा की गई।
डीसी ने कहा कि प्रदेश सरकार जन कल्याण के साथ-साथ जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय तथा उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, इसलिए यहां प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। केवल शिकायत सुनना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं है, उनके लिए निर्धारित समयसीमा तय करने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं के निवारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिविर में पहुंचे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया भी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की स्वयं निगरानी करें और केवल कर्मचारियों पर निर्भर न रहें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए तथा लंबित मामलों के लिए स्पष्ट कारण और प्रगति रिपोर्ट तैयार रखी जाए। बिना ठोस वजह के किसी भी शिकायत को लंबित न रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर एमिनेंट पर्सन सहित गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल, एसीपी सुशीला, डीआरओ विजय यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







