बंधवाड़ी कूड़ा पहाड़ में आग: जहरीले धुएं से NCR में स्वास्थ्य संकट गहराया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संयुक्त किसान मोर्चा के चौधरी संतोख सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

गुरुग्राम, 16 अप्रैल 2026। गुरुग्राम–फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़े के पहाड़ में लगी आग ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र में पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। संयुक्त किसान मोर्चा, गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने इस घटना को बड़ा पर्यावरणीय संकट करार दिया है।

उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइट से उठ रहा जहरीला धुआं न केवल आसपास के इलाकों बल्कि पूरे गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर के निवासियों के स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो रहा है। पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रहे इस क्षेत्र में ऐसी घटनाएं हालात को और भयावह बना रही हैं।

चौधरी संतोख सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बंधवाड़ी में बार-बार आग लगने की घटनाएं संदेह पैदा करती हैं। कुछ महीनों के अंतराल में लगातार आग लगना गंभीर लापरवाही या अन्य कारणों की ओर इशारा करता है, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मार्च महीने में गुरुग्राम देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर रहा, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से मांग की कि बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लगी आग पर तत्काल प्रभाव से नियंत्रण किया जाए। साथ ही आग लगने के कारणों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

चौधरी संतोख सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसके दूरगामी दुष्परिणाम जनस्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए अत्यंत घातक साबित होंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!