“भाजपा सरकार में किसानों का हित सर्वोपरी”- कृषि मंत्री
खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
किसानों ने कहा, पारदर्शी खरीद व्यवस्था को पूरा समर्थन, सरकार के साथ मिलकर कर रहे सहयोग

गुरुग्राम, 16 अप्रैल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार शाम को फर्रूखनगर अनाज मंडी तथा वीरवार को सोहना अनाज मंडी का दौरा कर रबी सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फसल खरीद तथा लिफ्टिंग कार्य के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कैबिनेट मंत्री ने मंडियों में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, फसल सत्यापन प्रक्रिया, बिजली, पानी, साफ-सफाई और बायोमैट्रिक प्रणाली सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिले की तीनों मंडियों में खाद्यान की खरीद का कार्य राज्य खरीद एजेंसी हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी उपज की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों का एक-एक दाना बिना किसी परेशानी के खरीदा जाए और उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में किसान हित सर्वोपरि है, इसी सोच के तहत मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं, ताकि किसानों को समय पर भुगतान, सुचारू खरीद प्रक्रिया और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने आढ़तियों व किसानों से खरीद प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उनकी समस्याओं व सुझावों की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान आढ़तियों एवं किसानों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जताई और कहा कि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उपस्थित किसानों ने विशेष रूप से बायोमेट्रिक प्रणाली को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि उन्हें इसमें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। किसानों ने कहा कि वे इस व्यवस्था के पक्ष में हैं और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ पूर्ण रूप से सहयोग कर रहे हैं। कृषि मंत्री ने इस दौरान अटल कैंटीन का निरीक्षण भी किया।
जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव ने कृषि मंत्री को मंडियों में फसल की आवक तथा उठान कार्य प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि अब तक फर्रूखनगर मंडी में 7401 मीट्रिक टन, पटौदी-जटौली में 17561 मीट्रिक टन और सोहना मंडी में 2605 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। मंडियों में खरीद के साथ-साथ उठान कार्य भी निरंतर गति से किया जा रहा है, ताकि फसल का अनावश्यक दबाव न बने। अब तक फर्रूखनगर मंडी से 1419 मीट्रिक टन, पटौदी-जटौली मंडी से 5948 मीट्रिक टन तथा सोहना मंडी से 118 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया जा चुका।
सोहना मंडी सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि मंडी में व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित रखी जा रही हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि मंडी गेट से किसी भी किसान की ट्रॉली किसी भी कारण से वापस न लौटे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान की उपज को प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही किसानों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समयावधि में त्वरित एवं प्रभावी निवारण किया जा रहा है। मंडी प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए अधिकारी मौके पर ही उपलब्ध रहते हैं, ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके और खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रहे।
इस अवसर पर फर्रूखनगर में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम, सचिव विजय कुमार तथा सोहना में एसडीएम अखिलेश यादव, मार्केट कमेटी के सचिव दिनेश कुमार, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष दयाराम लोहिया, उप चेयरमैन, मंडी स्टाफ, खरीद एजेंसी स्टाफ, मंडी के आढ़तीगण एवं किसान उपस्थित रहे।








