हरियाणा में कांग्रेस का बड़ा अनुशासनात्मक एक्शन, पांच विधायक पार्टी से निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ मतदान बना वजह, संगठन ने दिया सख्त संदेश

चंडीगढ़, 16 अप्रैल 2026: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोपरि रखते हुए हरियाणा के पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नारनौल, सढौरा, बडली, पृथला एवं नूंह विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायक—शैली चौधरी, रेणु बाला, सुरेंद्र जून, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इजराइल—को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद लिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, हाल ही में सम्पन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान संबंधित विधायकों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठन की मर्यादाओं के प्रतिकूल है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक सख्त संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के खिलाफ किसी भी गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!