बंधवाड़ी कचरा प्रबंधन प्लांट में आग, नगर निगम गुरुग्राम की त्वरित कार्रवाई, 12 से अधिक दमकल वाहन तुरंत आग पर काबू पाने में जुटे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने रात के समय मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा

गुरुग्राम, 16 अप्रैल। गुरुग्राम स्थित बंधवाड़ी कचरा प्रबंधन प्लांट में लगी आग की घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम गुरुग्राम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। बुधवार को लगभग दोपहर 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही निगम के अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए।

संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, कार्यकारी अभियंता संदीप सिहाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए 12 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया, जिन्होंने लगातार प्रयास करते हुए आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया।

इस दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव लगातार अधिकारियों से स्थिति की पल-पल की जानकारी लेते रहे। रात्रि के समय निगमायुक्त व अतिरिक्त निगमायुक्त स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, जिससे राहत एवं नियंत्रण कार्यों में तेजी आई।

वीरवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्लांट में सभी आवश्यक और स्थायी प्रबंध किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे के ढेर पर समय-समय पर पानी का नियमित छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, साथ ही अन्य सुरक्षा उपायों को भी प्रभावी रूप से लागू किया जाए ताकि आग लगने की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!