“निक्षय मित्र अभियान के तहत वानप्रस्थ की निरंतर पहल — 45वीं बार टी.बी. रोगियों को पोषण सहयोग”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

45 महीनों से लगातार सेवा, 50 मरीजों को हर माह पोषण किट से मिल रहा सहारा

हिसार | वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन क्लब, हिसार द्वारा सामाजिक सेवा की उत्कृष्ट परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शिव कॉलोनी धर्मशाला में झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में निवासरत 50 टी.बी. रोगियों को प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार किट की 45वीं किस्त वितरित की गई। यह सेवा कार्य निक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत अगस्त 2022 से लगातार संचालित किया जा रहा है।

संस्था के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने बताया कि प्रत्येक माह वितरित की जाने वाली किट में दो डिब्बे प्रोटीन पाउडर, एक किलो गुड़, एक किलो काला चना, एक किलो बेसन, दो पैकेट न्यूट्रेला तथा दो साबुन शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि वानप्रस्थ संस्था पिछले 45 महीनों से टी.बी. रोगियों एवं जरूरतमंद वर्ग की निस्वार्थ सेवा कर समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण पेश कर रही है।

इस अवसर पर टी.बी. अस्पताल के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक ओ. पी. वर्मा एवं बालकेश कालीरामन ने रोगियों को नियमित दवा सेवन और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और उचित पोषण से टी.बी. पूरी तरह ठीक हो सकती है। कार्यक्रम में नए रोगियों के रूप में 17 वर्षीय आँचल और 19 वर्षीय रोहित को भी चिन्हित किया गया, जो फेफड़ों की टी.बी. से पीड़ित हैं।

कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारी डॉ. एस. एम. बहल, श्रीमती सुनीता बहल तथा श्रीमती श्यामा गोसाईं ने रोगियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, टी.बी. चैंपियन सुदर्शन ने अपने स्वस्थ होने के अनुभव साझा करते हुए रोगियों को धैर्य और अनुशासन के साथ उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस सेवा अभियान में आशा वर्करों—अनीता, सुनीता, मंजू, बंटी, कैलाश, शर्मिला एवं मीना—का विशेष योगदान रहा, जिनकी सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!