आईएमसी हिसार परियोजना ने पकड़ी गति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने की प्रगति की समीक्षा

चंडीगढ़, 15 अप्रैल- हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज यहां एक उच्च स्तरीय बैठक में महत्वाकांक्षी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) हिसार परियोजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों को शीघ्रता से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और इसके समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नागरिक उड्डयन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती जी. अनुपमा ने बताया कि परियोजना विभिन्न मोर्चों पर तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना निर्माण, बुनियादी ढांचा विकास तथा नियामकीय स्वीकृतियों पर समानांतर रूप से कार्य किया जा रहा है।

अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत विकसित की जा रही यह परियोजना हिसार को आधुनिक विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 1,605 एकड़ क्षेत्र में फैली इस परियोजना के बड़े हिस्से को पर्यावरण सम्बन्धी मंजूरी मिल चुकी है, जबकि शेष क्षेत्र के लिए स्वीकृतियां अंतिम चरण में हैं। इस क्लस्टर में बड़े पैमाने पर विनिर्माण निवेश आकर्षित करने और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की क्षमता है।

बैठक में नागरिक उड्डयन, सिंचाई एवं जल संसाधन, बिजली वितरण कंपनियों और परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!