गुरुग्राम में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को जीएमडीए का बड़ा कदम—17 चौराहे चिन्हित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 10 अप्रैल: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम के सेक्टर 1 से 57 के अंतर्गत आने वाले 17 चिन्हित चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने और आवागमन को बेहतर करने के लिए डी-कंजेशन उपाय लागू करने की योजना बनाई है। इन स्थानों की पहचान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के परामर्श से की गई है, जिसका उद्देश्य व्यस्त जंक्शनों पर जाम की स्थिति को कम करना और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयासों को सुदृढ़ करना है।

इस कार्य लिए लगभग ₹7.58 करोड़ की अनुमानित लागत पर निविदा जारी की गई है।

प्रस्तावित कार्यों के तहत जीएमडीए द्वारा स्लिप लेन का सुधार एवं विस्तार किया जाएगा, समर्पित यू-टर्न बनाए जाएंगे, फ्री लेफ्ट टर्न की व्यवस्था को सुगम किया जाएगा तथा मीडियन की लंबाई को इस प्रकार समायोजित किया जाएगा कि उपलब्ध सड़क स्थान का बेहतर उपयोग हो सके। इन उपायों का उद्देश्य यातायात को अधिक सुचारु बनाना, चौराहों पर प्रतीक्षा समय को कम करना तथा वाहनों की लंबी कतारों को न्यूनतम करना है। वाहनों के ठहराव को कम करने और यातायात के प्रवाह को बेहतर बनाने से इन व्यस्त स्थलों पर उत्सर्जन में भी कमी आएगी।

चिन्हित स्थानों में सेक्टर 48/49/साउथ सिटी-II, सेक्टर 40/45 साइबर पार्क, सेक्टर 4/5 चौक, रेजांगला चौक, मेफील्ड गार्डन के पास मॉडर्न बाजार, सेक्टर-22 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क के सामने, सेक्टर रोड 72A एवं सेक्टर 33, आर्केडिया मॉल रेड लाइट, सेक्टर 9 चौक, सेक्टर 4/7 चौक, दौलताबाद फ्लाईओवर, मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर 41/45 रेड लाइट, बख्तावर चौक, यूनिटेक साइबर पार्क, घाटा पावर हाउस तथा कौशल चौक शामिल हैं।

“इन प्रस्तावित उपायों के माध्यम से जीएमडीए शहर में यातायात की स्थिति को बेहतर बनाने, जाम को कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में कार्य कर रहा है,” कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा ने कहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!