हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 IAS-HCS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए SDM नियुक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 10 अप्रैल 2026 – हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शुक्रवार को बड़े स्तर पर IAS और HCS अधिकारियों के तबादले व नियुक्तियां कर दीं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कुल 17 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक वरिष्ठ IAS अधिकारी विजय कुमार सिद्धप्पा भवीकट्टी को राज्यपाल के सचिव के साथ-साथ श्रम आयुक्त एवं श्रम विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अनिश यादव को हैफेड (HAFED) का प्रबंध निदेशक और हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कॉर्पोरेशन, गनौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

ऊर्जा विभाग में भी अहम बदलाव करते हुए IAS अधिकारी विक्रम को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और हरियाणा मिनरल्स लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है।

रोहतक में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सचिन गुप्ता को एचएसवीपी (HSVP) रोहतक का प्रशासक और शहरी संपदा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं अमित कुमार-1 को पुन्हाना का एसडीएम बनाया गया है।

जिला स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। वीरेंद्र चौधरी को कुरुक्षेत्र जिला परिषद का सीईओ नियुक्त किया गया है, जबकि मनीष कुमार लोहान को खनन एवं भूविज्ञान विभाग और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है।

इसके अलावा सुरेंद्र सिंह-2 को खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज, सोनीपत में अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। वेद प्रकाश को डबवाली, भूपेंद्र सिंह को पलवल, अश्वीर सिंह को बरवाला और संजीव कुमार को बावल का एसडीएम बनाया गया है।

गुरुग्राम में भी बदलाव करते हुए ज्योति नागपाल को सिटी मजिस्ट्रेट गुरुग्राम नियुक्त किया गया है, जबकि सपना यादव को एचआईपीए (HIPA) में संयुक्त निदेशक बनाया गया है।

नए नियुक्त अधिकारियों में हन्नी बंसल को फरीदाबाद और अंकित कुमार-2 को गोहाना का एसडीएम नियुक्त किया गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि अधिकांश नियुक्तियां रिक्त पदों के विरुद्ध की गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ अन्य अधिकारियों के तबादलों के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।

यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल राज्य में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!