मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कांग्रेस सख्त: पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए बनाई रणनीति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय निगरानी समिति की पहली बैठक, बूथ स्तर तक मजबूत तंत्र विकसित करने का फैसला

चंडीगढ़, 10 अप्रैल 2026 – हरियाणा कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति की पहली बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया के दौरान संभावित चुनौतियों का आकलन कर उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक बी.बी. बत्रा और अधिवक्ता रणधीर सिंह राणा समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जरूरी कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के बाद जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि समिति ने स्पष्ट रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया है कि SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और न ही किसी अपात्र व्यक्ति का नाम जोड़ा जाए। इसके लिए बूथ स्तर तक मजबूत निगरानी तंत्र विकसित करने पर सहमति बनी है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे SIR की बारीकियों को समझकर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कांग्रेस ने पहले ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) की नियुक्ति कर दी है, जबकि अधिकांश बूथों पर BLA-2 की तैनाती भी पूरी हो चुकी है। ये एजेंट मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और किसी भी अनियमितता की पहचान व रिपोर्टिंग में अहम भूमिका निभाएंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि देश के कुछ राज्यों में चुनाव आयोग पर सत्तारूढ़ भाजपा के प्रभाव में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने के प्रयास हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा में ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। पार्टी ने SIR प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!