एडीसी सोनू भट्ट ने समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नागरिकों को सुलभ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता-एडीसी

गुरुग्राम, 10 अप्रैल– एडीसी सोनू भट्ट ने आज शुक्रवार को एक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी जन शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इन शिकायतों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीसी ने कहा कि नागरिकों को सुलभ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में शुरू की गई समाधान शिविर पहल का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत देना और समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर करना है।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिकायत का निपटारा केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता से सीधा संपर्क कर उसकी संतुष्टि लेना जरूरी है। समाधान के बाद फीडबैक को पोर्टल पर अपडेट करना भी आवश्यक है, ताकि कोई शिकायत दोबारा न खुले।

एडीसी ने कहा कि हर विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट को साफ और पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत करे। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि समीक्षा बैठक से एक दिन पहले ही पोर्टल पर निपटाई गई शिकायतों को अपडेट कर ‘निपटान श्रेणी’ में दर्ज करें, ताकि बैठक में केवल लंबित मामलों पर चर्चा हो सके।

एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि अब तक कुल शिकायतें 8389 प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 6801 का समाधान किया जा चुका है। 257 शिकायतें प्रक्रिया में हैं, 735 शिकायतें रिजेक्ट की गई हैं और 45 शिकायतें लिटिगेशन में हैं।

बैठक में जॉइंट कमिश्नर मानेसर लोकेश यादव, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर, डिप्टी डीईओ दीप्ति, एलडीएम विनोद कुमार बजाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें