गुरुग्राम में 9 अप्रैल को ऑटो चालकों का सांकेतिक धरना, सरकार को सौंपेंगे मांगपत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 5 अप्रैल 2026। हरियाणा ऑटो चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) द्वारा आगामी 9 अप्रैल 2026, वीरवार को गुरुग्राम में एक दिवसीय विशाल सांकेतिक धरना आयोजित किया जाएगा। यह धरना सुबह 10 बजे से सायं 3 बजे तक सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड की पक्की पार्किंग में किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में ऑटो चालक भाग लेंगे।

इस संबंध में आज सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में संघ की मासिक बैठक प्रदेश अध्यक्ष महीपाल तंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री समय सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में ऑटो चालकों की रोजमर्रा की समस्याओं और सरकार की उपेक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि राजनीतिक दल सत्ता में आने से पहले वादे करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों और हरियाणा में लाखों ड्राइवर जनता की सेवा में लगे हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल रहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक किसी भी केंद्र सरकार ने ड्राइवरों के लिए कल्याण बोर्ड का गठन नहीं किया है। हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2019 में तय किए गए ऑटो किराए में पिछले 7 वर्षों से कोई संशोधन नहीं किया गया है। साथ ही प्रदेश में ड्राइवरों के लिए न तो कल्याण बोर्ड बनाया गया और न ही सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की बैठकों का आयोजन किया गया, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं।

स्थायी स्टैंड और शौचालय की कमी बना बड़ा मुद्दा

बैठक में यह भी प्रमुख रूप से उठाया गया कि गुरुग्राम में आज तक ऑटो चालकों के लिए एक भी स्थायी स्टैंड और शौचालय की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

प्रदेश अध्यक्ष महीपाल तंवर ने बताया कि 9 अप्रैल को होने वाले इस सांकेतिक धरने के माध्यम से सरकार और संबंधित ट्रांसपोर्ट विभाग को मांगपत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह धरना सरकार को ऑटो चालकों की समस्याओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास है।

वहीं जिला मंत्री समय सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते संघ की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और वार्ता के लिए आमंत्रित नहीं किया, तो आने वाले समय में पूरे प्रदेश में भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय मजदूर संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता ऑटो चालक संघ के साथ मजबूती से खड़ा है। बैठक में संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!