भाजपा का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को: घर-घर लहराएगा पार्टी का झंडा, सप्ताह भर चलेंगे कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 5 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को पूरे हरियाणा में उत्साह और धूमधाम से मनाएगी। इस अवसर पर लाखों कार्यकर्ता अपने-अपने घरों और हर बूथ पर भाजपा का झंडा फहराकर उत्सव मनाएंगे।

प्रदेशभर के 20,629 बूथों पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जबकि 7 से 12 अप्रैल तक “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान चलाकर कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनसंवाद करेंगे। इस दौरान केंद्र की भारत सरकार और हरियाणा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय ‘गुरुकमल’ में प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर सुबह 10 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के निर्देशानुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में भी सप्ताह भर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान और शाम को दीपोत्सव होगा, जबकि 14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर माल्यार्पण, गोष्ठियां और विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

इसके अलावा 15 से 20 अप्रैल तक “विचार प्रसार अभियान” चलाया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। वहीं 15 अप्रैल से 15 मई तक सभी संगठनात्मक जिलों में 36 घंटे का महाप्रशिक्षण अभियान भी आयोजित होगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।

हरियाणा भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी के अनुसार, कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाते हुए अपने-अपने घरों पर भाजपा का झंडा अवश्य लगाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!