समाधान शिविर की शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें : एसडीएम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंबित मामलों को प्राथमिकता से खत्म करने और एटीआर अपडेट में पारदर्शिता के निर्देश

गुरुग्राम, 3 अप्रैल- एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का समाधान तय समय सीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाप्त किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) अपलोड करते समय सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत का पूरा विवरण, की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति स्पष्ट व तथ्यात्मक रूप से दर्ज की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और समाधान की गुणवत्ता बेहतर हो।

इससे पहले खाद्य आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में समाधान शिविरों की समीक्षा की और सभी डीसी को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में लंबित शिकायतों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करें।
वीसी के बाद एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक महत्वपूर्ण मंच है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से दोबारा खुलने वाली शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए उनके शीघ्र और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि अधिकारी शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि सेवा भाव के साथ उनका स्थायी समाधान करें, ताकि नागरिकों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद कर उन्हें की गई कार्रवाई की जानकारी देना भी सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर मानेसर लोकेश यादव, डीआरओ विजय यादव, एसीपी सुशीला, डिप्टी डीईओ दीप्ति, ईओ एचएसवीपी राकेश सैनी, एक्सईएन जीएमडीए आर.सी. देशवाल, एलडीएम विनोद कुमार बजाज, एसडीओ एचएसवीपी अजर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!