अखंड रामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पिहोवा, 1 अप्रैल (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी): मॉडल टाउन स्थित श्री दक्षिण काली पीठ में हनुमान जन्मोत्सव पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्वामी खटवांग पुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीठाधीश्वर श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विशेष मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पाठ किया गया, जिससे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में विनोद डोलिया, केशव जिंदल एवं विपिन काहड़ा ने अपने परिवार सहित भाग लेकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज ने अपने प्रवचनों में हनुमान जन्मोत्सव का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति और सेवा के प्रतीक हैं तथा उनका स्मरण जीवन में साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इसके पश्चात हनुमान चालीसा का पाठ, भोग अर्पण और आरती की गई। भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे मंदिर परिसर में भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री पीतांबरा पीठ बगलामुखी धाम के महंत भीम पुरी, गोबिंदानंद आश्रम की महंत सर्वेश्वरी गिरि राधे, स्वामी आशुतोष पुरी, आशीष चक्रपाणि, सुशील गुप्ता, बारु राम बंसल, अवतार वालिया, धनीरामपुरा, बलवंत सिंह, अनूप सिंगला, सनी खुराना, नवीन गर्ग (मंडी प्रधान), रमेश मित्तल, संजय गर्ग, हन्नु चक्रपाणि, डॉ. राजेंद्र मंगला, बलदेव चावला, राकेश बद्दवार, सुभाष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं महिला संकीर्तन मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में संत-महात्माओं, नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।









